दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के वत्रिगाम वानिहामा इलाके में बुधवार शाम अज्ञात आतंकियों ने दसवीं कक्षा के एक छात्र को गोली मार दी और फरार हो गए। छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सुरक्षाबलों ने पूरा इलाका घेर लिया है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। घायल छात्र की पहचान वात्रिगाम निवासी साहिल बशीर के रूप में हुई है। गोली उसकी गर्दन में लगी है।
दो आतंकी ढेर....
कुलगाम जिले के कुज्जर इलाके में बुधवार को सुरक्षाबलों ने एक घर में छिपे दो आतंकियों को मार गिराया। मारे गए आतंकियों की शिनाख्त बासित अमीन भट और फैसल साकिब अहमद लोन के रूप में हुई है। दोनों स्थानीय हावुरा इलाके के रहने वाले हैं। उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। उनके पास से दो एके सीरीज की राइफलें बरामद की गई हैं। दूसरी ओर राजोरी के तत्तापानी में ऑपरेशन के तीसरे दिन कोबरा कमांडो उतार दिए गए हैं।
- तत्ता पानी के जंगलों में छिपे आतंकियों की तलाश तेज : क्षेत्र में संदिग्ध देखे जाने के बाद तीन दिन से आतंकियों की तलाश तेज कर दी गई है। तीसरे दिन कालाकोट के तत्ता पानी के जंगल में छिपे आतंकियों को ढेर करने के लिए अब 50 कोबरा कमांडो उतारे गए हैं। इससे पहले ड्रोन व सेना के हेलिकॉप्टर की मदद ली गई थी लेकिन कोई नहीं मिला था। जंगल में अभी तीन आतंकियों का ग्रुप मौजूद होने की आशंका है।