राजोरी जिले की चार विधानसभा सीटों पर पांचवें और आखिरी चरण में मतदान होना है। इस में खलल डालने और दहशत पैदा कर मतदान प्रतिशत में कमी लाने के लिए आतंकी हर संभव प्रयास कर रहे हैं। खुफिया एजेंसियों के सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजोरी जिले के जंगलों में तीन से चार आतंकवादियों के एक ग्रुप के होने की आशंका जताई जा रही है।
खुफिया एजेंसियों ने इस ग्रुप की मूवमेंट को नोटिस भी किया है। इसके बाद हाई अलर्ट जारी करते हुए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान छेड़ दिया गया है। जिले मंजाकोट तहसील के बिंभर गील (बीजी)से लेकर थन्नामंडी तहसील के डेरा की गली (डीकेजी) तक पाए जाने वाले सभी जंगलों में सेना द्वारा विशेष तलाशी अभियान छेड़ दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक तीन से चार आतंकवादियों के ग्रुप को कुछ लोगों ने भी कहीं देखा है। उन्होंने इसकी जानकारी अपने स्तर पर सेना को दी है। इन जंगलों में से कुछ जंगल मंजाकोट के गंभीर, तरकुंडी, नक्कापंजग्राई के हैं, जो एलओसी के बिल्कुल पास हैं।