दक्षिण कश्मीर में आतंकी नए सिरे से सक्रिय हो गए हैं। बुधवार को आतंकियों ने शोपियां जिले में पंजाब निवासी सेब व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी। आतंकियों की गोली से एक व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को इलाज के लिए पुलवामा जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर भेज दिया गया है। इससे पहले पुलवामा में आतंकियों ने सुबह एक ईंट भट्टा मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। सोमवार को शोपियां के सिंधु सरमाल इलाके में ही आतंकियों ने राजस्थान के एक ट्रक ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। ड्राइवर घटना के समय ट्रक पर सेब लाद रहा था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात लगभग साढ़े सात बजे शोपियां जिले के ट्रेंज में 3-4 अज्ञात आतंकियों ने पंजाब के फाजिल्का से आए सेब व्यापारी चरणजीत सिंह व संजय सिंह पर फायरिंग कर दी। हमले में चरणजीत सिंह पुत्र हंसराज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजय सिंह पुत्र जसपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल पुलवामा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चरणजीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि संजय सिंह को प्राथमिक इलाज के बाद श्रीनगर भेज दिया गया है। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है तथा आतंकियों की तलाश की जा रही है। दोनों व्यापारी कई दिन से शोपियां में ठहरे हुए थे।
पुलवामा में ईंट भट्टा मजदूर की गोली मारकर हत्या
बुधवार सुबह आतंकियों ने पुलवामा जिले के निहामा इलाके में कायराना हरकत को अंजाम देते हुए एक ईंट भट्टा मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी। सेठी साही नाम का मजदूर छत्तीसगढ़ का रहने वाला था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, निहामा इलाके में बुधवार को हथियारों से लैस तीन-चार आतंकी ईंट भट्ठे पर पहुंचे और वहां मौजूद दो गैर प्रांतीय मजदूरों को निशाना बनाया। एक मज़दूर की सर पर गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा मौके से भागने में कामयाब रहा। यह पता नहीं चल पाया है कि इस घटना को किस आतंकी संगठन ने अंजाम दिया है।
दहशत फैलाने के लिए वारदातों को दे रहे अंजाम
माना जा रहा है कि आतंकी दहशत फैलाने के लिए वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पिछले सप्ताह शनिवार को श्रीनगर के हरि सिंह हाई स्ट्रीट इलाके में ग्रेनेड हमला किया था, जिसमें एक महिला समेत सात लोग घायल हुए थे। पांच अक्तूबर को अनंतनाग में डीसी कार्यालय के बाहर भी ग्रेनेड हमला किया था, जिसमें 14 लोग घायल हुए थे। इससे पहले 28 सितंबर को श्रीनगर के नवाकदल इलाके में सीआरपीएफ की 38वीं बटालियन के जवानों पर भी ग्रेनेड हमला किया गया था। इसी दिन रात में आतंकियों ने हमला कर पीडीपी के पूर्व कार्यकर्ता सज्जाद अहमद मंटू को घायल कर दिया था।