कश्मीर घाटी में सक्रिय आतंकी आगामी अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू-श्रीनगर हाईवे को निशाना बना सकते हैं। कुलगाम में पाकिस्तानी जैश कमांडर वालिद समेत तीन आतंकियों के मारे जाने के बाद सेना की 9 आरआर के कमांडर ब्रिगेडियर वीएस ठाकुर ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी।
बिग्रेडियर ठाकुर ने कहा कि दक्षिण कश्मीर में इस समय 130 आतंकी मौजूद है। इनमें 30 पाकिस्तानी हैं। ये दहशतगर्द जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को निशाना बनाने की फिराक में है। नेशनल हाईवे 44 पर हमले की योजना बना रहे हैं, उन्होंने कहा कि ये पूरा इलाका बेहद संवेदनशील है और सेना अमरनाथ यात्रा को शांतिपूर्वक कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने फिलहाल यात्रा की आधिकारिक तिथि की घोषणा नहीं की है। ऐसा माना जा रहा है कि यात्रा 21 जुलाई से शुरू हो सकती है। हाईकोर्ट ने भी सरकार से इस पर तत्काल फैसला लेने को कहा है। इस बार प्रतिदिन सिर्फ 500 लोगों को यात्रा पर भेजने की तैयारी है।