कठुआ से लेकर सांबा तक की भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा में एक बार फिर बड़ी संख्या में घुसपैठिए सीमा पार करने के इंतजार में जमे हैं। जम्मू संभाग के आईजीपी दानेश राणा ने स्वीकार किया कि सुरक्षा एजेंसियों से ऐसे ताजा इनपुट मिले हैं कि बड़ी संख्या में आतंकी सीमा पार घुसपैठ के लिए सही समय का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस और अर्द्धसैनिक बल घुसपैठियों को रोकने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सीमा पार कितने लांचिंग पैड हैं, इसकी स्पष्ट संख्या देना मुश्किल है, लेकिन इतना जरूर है कि आतंकी घुसपैठ के लिए सीमा पार बैठे हैं। पिछली कुछ आतंकी घटनाओं पर नजर दौड़ाई जाए तो यह मूल रूप से कठुआ, हीरानगर और सांबा के आसपास के क्षेत्रों में हुईं हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने इन इलाकों में सुरक्षा के खास इंतजाम किए हैं। आईजीपी ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में अर्द्धसैनिक बलों के अलावा पुलिसकर्मियों को भी खास सतर्कता बरतने को कहा गया है। साथ ही विशेष नाके लगाए गए हैं।