उधमपुर में बीएसएफ के काफिले पर हमले के दौरान जिंदा पकड़े गए पाकिस्तानी आतंकी मोहम्मद नावेद याकूब को नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने एकबार फिर रिमांड पर लिया है।
नावेद के अलावा रिमांड पर लिए गए ट्रक ड्राइवर शौकत अहमद के साथ लश्कर के दो ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) से एनआईए संयुक्त रूप से पूछताछ करेगी, जिन्हें रविवार को 14 दिन के रिमांड पर लिया गया था।
एनआईए के विशेष जज वाईपी कोतवाल की अदालत में सोमवार को किए गए आवेदन में एजेंसी के अधिकारियों ने कहा कि पकड़े गए आतंकी खुर्शीद अहमद इट्टू, फैयाज अहमद इट्टू और नावेद व शौकत की एकसाथ पूछताछ की जानी है।
इसलिए उसे दो दिन की रिमांड पर दिया जाए। अदालत ने दो दिन के रिमांड पर दोनों को देते हुए कहा कि उनकी नियमित मेडिकल जांच करवाई जाए और उन्हें 18 नवंबर को अदालत में पेश किया जाए।
उल्लेखनीय है कि पांच अगस्त को उधमपुर के पास पाकिस्तानी आतंकी मोहम्मद नावेद और नोमान ने बीएसएफ के काफिले पर हमला किया था, जिसमें दो जवान शहीद हो गए थे।
नोमान मुठभेड़ में मारा गया था, जबकि नावेद को दो ग्रामीणों ने जिंदा पकड़ लिया था। इस केस में पाक आतंकी सहित छह लोगों को एनआईए गिरफ्तार कर चुकी है।
रिमांड मिलने के बाद नावेद और शौकत को कड़ी सुरक्षा के बीच मीरां साहिब स्थित ज्वाइंट इंटेरोगेशन सेंटर लाया गया, जहां उनसे अगले दो दिन तक पूछताछ की जाएगी।