दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में शनिवार को जिला पुलिस लाइन पर आत्मघाती हमला आतंकियों की हताशा का नतीजा है। बीते दिनों आतंकी संगठनों के कई टॉप कमांडरों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया। इससे आतंकी संगठन बौखला गए हैं। इसी का नतीजा था पुलवामा आतंकी हमला। यह बात सीआरपीएफ आईजी कश्मीर जोन जुल्फिकार हसन ने कही।
हसन ने कहा कि आतंकी हमले से सुरक्षा बल का हौसला कम नहीं होगा। ऐसे आने वाले खतरों से निपटने में बल और प्रभावी कदम उठाएगा। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में आतंकी संगठनों के कई टॉप कमांडर मारे गए हैं, जिन्हें ढेर करने में सीआरपीएफ की अहम भूमिका रही है। अब आतंकी संगठन सुरक्षा बलों पर हमले कर नुकसान पहुंचाने की फिराक में हैं, लेकिन आतंकियों को इसका करारा जवाब दिया जाएगा। आने वाले दिनों में आतंकियों पर और शिकंजा कसा जाएगा।
आईजी सीआरपीएफ हसन ने जिला पुलिस लाइन पुलवामा का दौरा किया, जहां शनिवार को पाक आतंकियों ने हमला किया था। इसमें चार सीआरपीएफ और चार पुलिस जवान शहीद हो गए थे। इस हमले का जवाब देते हुए सीआरपीएफ की 182 और 183 बटालियनों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर तीन आतंकियों का मार गिराया था। हमले में घायल तीन जवानों की हालत गंभीर है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर विशेष उपचार के लिए दिल्ली भेजा जाएगा।