दक्षिणी कश्मीर में सुरक्षाबलों को लगातार दूसरे दिन एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी। बडगाम पुलिस और बारामुला पुलिस ने बडगाम से हिजबुल के एक आतंकी गिरफ्तार किया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चेचिलूरा के निवासी इशफाक अहमद वानी उर्फ मौलवी को आज सुबह मगमा इलाके के पेठ मखमा गांव में गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि पकड़े गये आतंकवादी के पास से एक एके राइफल और कुछ गोला-बारूद बरामद किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि वहां पर कुछ आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में सूचना मिलने के बाद राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों के साथ मिल कर पुलिस ने कल रात गांव की घेराबंदी की।
गौरतलब है कि दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बल के जवानों ने हिजबुल के एक आतंकी को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि सेना के साथ एक साझे ऑपरेशन में उसे हाबदीपोरा गांव से गिरफ्तार किया।
पकडे़ गए आतंकी की पहचान आबिद अहमद भट के तौर पर हुई थी। वह कनिहामा गांव का रहने वाला है। उसके पास से एक एके-47 राइफल और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। उससे पूछताछ जारी है।
उधर, एक अन्य सूचना पर मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के लार इलाके में सीआरपीएफ ने सेब के बाग में एक आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर दिया। यहां आतंकियों द्वारा हथियार छिपाकर रखे गए थे।