अंतरराष्ट्रीय सीमा के उस पार से पाकिस्तानी रेंजर आतंकियों की घुसपैठ कराने की फिराक में हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने इससे संबंधित इनपुट जारी किया है, जिसके बाद से बीएसएफ और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
सूत्रों की मानें तो आतंकियों को लांचिंग पैड तक पहुंचा दिया गया है। रैकी भी करवाई गई है। सूत्र बताते हैं कि पाकिस्तान के सुकमाल लांचिंग पैड पर शुक्रवार को भी आतंकियों की मौजूदगी देखी गई है।
हीरानगर के बोबिया क्षेत्र में आतंकी घुसपैठ की फिराक में हैं। इस क्षेत्र से कई बार घुसपैठ के प्रयास हो चुके हैं, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली है। एक बार फिर से आतंकी इसी क्षेत्र से घुसपैठ की कोशिश करना चाहते हैं। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी रेंजरों ने आतंकियों की घुसपैठ के पुराने मार्गों, नदी-नालों को भी इस्तेमाल करने की योजना बनाई है।
वहीं, सीमा पर बीएसएफ के साथ पिछली पंक्ति में सेना और जिला पुलिस के जवानों ने भी नाकों पर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस के नाकों पर किसी भी वाहन को बिना चेकिंग आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व भी सीमा पार से घुसपैठ की हलचल का इनपुट जारी हुआ था। इसके बाद जम्मू, सांबा और कठुआ जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया।