जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की ओर से चलाए गए विशेष अभियान में शुक्रवार को थन्नामंडी के मन्याल में एक आतंकी ठिकाना ध्वस्त किया गया। यहां से एक एके रायफल, चार पिस्तौल, आठ मैगजीन, 105 कारतूस, दो एके मैगजीन और अन्य सामग्री बरामद की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, वीरवार को सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर इलाके में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान थन्नामंडी के मन्याल में एक ठिकाने का पता लग, वहां से हथियारों का जखीरा बरामद किया गया। संवाद
कुपवाड़ा में एक सड़क हादसे में जवान शहीद
उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले कुपवाड़ा में शुक्रवार को जंगली इलाके में एक सड़क दुर्घटना के दौरान जवान शहीद हो गया। जानकारी के अनुसार सेना की 41 आरआर की एक कैस्पर गाड़ी का चालक सिपाही भूपति (26) अपनी गाड़ी के पीछे खड़ा था कि अचानक से उसकी गाड़ी का हैंडब्रेक फेल हो गया और वो पीछे आ गई। इस दौरान गाड़ी ने जवान को टक्कर मारी और वो एक और पीछे खड़ी कैस्पर गाड़ी के साथ टकराया और बीच में फंस गया। गंभीर रूप से घायल जवान को अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। जवान तमिलनाडु का रहने वाला था।
दूसरी ओर दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में पठानकोट के रहने वाले 62 आरआर के जवान अरुण कुमार पेट्रोलिंग के दौरान सीडो इलाके में पुल से स्लिप होकर नीचे एक तेज बहाव वाले नाले में जा गिरे। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि बाद में स्थानीय लोगों की मदद से उनके शव को निकाला गया। हालांकि, इन दोनों घटनाओं को लेकर सेना की ओर से औपचारिक बयान सामने नहीं आया है।