बारामुला जिले के उड़ी सेक्टर में सुरक्षाबलों ने आतंकियों की घुसपैठ की साजिश को नाकाम कर दिया। सीमापार से लगातार हो रही घुसपैठ की कोशिशों के चलते सेना ने पहले ही अलर्ट जारी किया था। सूत्रों के मुताबिक मंगलवार रात उड़ी में सीमापार से आतंकियों ने घुसपैठ की कोशिश की। इसे गश्त कर रहे जवानों ने नाकाम कर दिया। सेना ने घुसपैठ जैसी घटना होने से स्पष्ट तौर पर इनकार किया है।
घुसपैठ के लिए सीमापार से लगाई आग, दिगवार सेक्टर में बिछाई बारूदी सुरंगों में विस्फोट
भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर स्थित दिगवार सेक्टर के पार पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से लगी आग देर रात नो मैंस लैंड में माइन फिल्ड तक पहुंच गई। इसके बाद घुसपैठ रोकने के लिए बिछाई गई बारूदी सुरंगों में विस्फोट होने लगे। देखते ही देखते दर्जनों की संख्या में बारूदी सुरंगों में विस्फोट होते रहे। बारूदी सुरंगों में विस्फोट की आवाजें दिगवार सुनाई दे रही थी।
बारूदी सुंरगें फटने के बाद हुए धमाकों से पूरा क्षेत्र थर्रा उठा
सूत्रों के अनुसार शाम करीब साढ़े छह बजे दिगवार में नियंत्रण रेखा के पास स्थित नक्करकोट क्षेत्र के उस पार पीओके में अचानक आग के गोले दिखाई देने लगे। जो देर रात्र दस बजे तक नियंत्रण रेखा के आगे नो मैन लैंड को पार करते हुए माइन फिल्ड तक पहुंच गई। इस आग से बारूदी सुंरगें फटने लगी इसके धमाकों से पूरा क्षेत्र थर्रा उठा।