दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकियों ने एक डीएसपी के रक्षक वाहन पर हमला किया। ताबड़तोड़ फायरिंग से अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। इसके बाद आतंकी भाग निकले। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमले के दौरान बुलेटप्रूफ रक्षक वाहन में डीएसपी सवार थे या नहीं। आतंकियों की धरपकड़ के लिए सुरक्षा बलों ने सर्च आपरेशन चलाया।
जानकारी के अनुसार वीरवार को जिले के कोंडलन गांव में पहले से घात लगाए बैठे आतंकियों ने वहां से गुजर रहे पुलिस के रक्षक वाहन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। जवानों की ओर से जवाब दिए जाने से थोड़ी ही देर में आतंकी भाग निकले। फायरिंग से केवल वाहन को नुकसान पहुंचा है।
इस बीच पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और सेना ने आसपास के गांव में तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, यह भी कहा जा रहा है कि शोपियां विधायक मोहम्मद यूसुफ की एस्कार्ट गाड़ी को आतंकियों ने निशाना बनाया, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।