उधर, कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों ने संयुक्त ऑपरेशन में तीन आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए आतंकियों के पास से हथियार बरामद हुए हैं। उधर, बडगाम मुठभेड़ में पुलिस का एक एसपीओ शहीद हो गया है। इस मुठभेड़ में घिरे दो आतंकी भाग निकले हैं। हालांकि उन्हें गोली लगी है। सुरक्षाबलों की ओर से आतंकियों को पकड़ने के लिए डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है।
मुठभेड़ में शहीद हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के एसपीओ मोहम्मद अल्ताफ को श्रद्धांजलि देने के बाद आईजी कश्मीर ने बताया कि कल रात हमें जानकारी मिली थी कि लश्कर कमांडर यूसुफ व एक अन्य आतंकी एक घर में छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस सेना और सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान शुरू किया। मुठभेड़ के दौरान सुबह हमें पता चला कि दोनों आतंकी भाग निकले हैं लेकिन घायल हो गए हैं।
मारे गए आतंकियों के बारे में उन्होंने बताया कि तीनों दक्षिण काश्मीर के आतंकी गाजी के साथी थे, और लश्कर के संगठन टीआरएफ का हिस्सा थे। उन्होंने कहा कि हम हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। बड़ा खुलासा करते हुए आईजी ने बताया कि आतंकियों ने रणनीति बदल दी है। अब आईईडी का अधिक उपयोग करना शुरू कर दिया है। इस बदली हुई रणनीति से भी निपटने के लिए पुलिस तैयार है।