रियासत में विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही आतंकी सरगर्मियां भी बढ़ गईं हैं। शनिवार शाम जिला अनंतनाग के काजीगुंड इलाके में आतंकियों ने सीआरपीएफ वाहन पर अंधाधुंध फायरिंग कर वाहन को आग लगा दी। हमले में वाहन में सवार दो सब इंस्पेक्टरों समेत चार सीआरपीएफ कर्मी घायल हो गए। चारों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें श्रीनगर के सौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों द्वारा इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की धरपकड़ के लिए सर्च आपरेशन चलाया गया, पर देर रात समाचार लिखे जाने तक कोई आतंकी हाथ नहीं लगा था। फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन द्वारा इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली गई है। सीआरपीएफ अधिकारियों के अनुसार हाईवे की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ वाहन में सवार जवान पैट्रोलिंग पर थे।
इसी दौरान जिला अनंतनाग में जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर काजीगुंड के लेवडोरा इलाके में घात लगाकर बैठे आतंकियों ने सीआरपीएफ के पैट्रोलिंग वाहन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। सीआरपीएफ के सूत्रों के मुताबिक आतंकियों की संख्या पांच से छह बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आतंकियों द्वारा इतनी भीषण फायरिंग की गई कि इसमें सीआरपीएफ वाहन को आग लग गई।
हमले में सीआरपीएफ की 163वीं वाहिनी के सब इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह, सब इंस्पेक्टर आजेंद्र सिंह, कांस्टेबल तरसेम लाल और कांस्टेबल मोहम्मद आरिफ घायल हो गए। चारों घायलों का श्रीनगर के सौरा अस्पताल में उपचार चल रहा है। उल्लेखनीय है कि रियासत में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर किया गया यह पहला बड़ा आतंकी हमला है।