पुलिस और सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान में एक आतंकी और एक ओवर ग्राउंड वर्कर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलवामा में आतंकी अब्दुल मजीद शाह निवासी अवंतीपोरा और बारामुला में अलकायदा समर्थक अंसार गजवत-उल-हिंद के एक ओवर ग्राउंड वर्कर इरफान अहमद गनई को सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आतंकी मजीद नई दिल्ली नंबर वाली कार से अवंतीपोरा आ रहा था। उसने पूछताछ में बताया कि वह पुलवामा क्षेत्र में सक्रिय एक अन्य आतंकी से मिलकर अगले कुछ दिनों में हमले की योजना तैयार करने वाला था। उसकी कार से भारी मात्रा में गोला बारूद व आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। आतंकी के खिलाफ अवंतीपोरा पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया है।
उधर, बारामुला पुलिस ने अलकायदा समर्थक अंसार गजवात-उल-हिंद ओवर ग्राउंड वर्कर इरफान को पकड़ा है। वह रथसुना त्राल के हजाम मोहल्ला का निवासी है। नाके पर उसकी तलाशी में एक हथगोला और मोबाइल बरामद किया गया। उसने कबूल किया कि वह अबु हमजा के अंसार गुट का सदस्य है। वह उड़ी की तरफ जा रहा है और उसकी योजना उड़ी में हमला करने की थी। उसके खिलाफ गैर कानूनी गतिविधियों के तहत मामला दर्ज किया है।