सब इंस्पेक्टर इम्तियाज मीर की हत्या करने में शामिल आतंकी अंसार उल हक की गर्लफ्रेंड कश्मीर प्रशासनिक सेवा(केएएस) परीक्षा की तैयारी कर रही है। वह पुलवामा के टाहव की रहने वाली है। केएएस की परीक्षा के साथ साथ वह आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के साथ काम भी करती है।
सूत्रों का कहना है कि अंसार की गर्लफ्रेंड सईद साइका का नाम इस कांड में शामिल होने के बाद पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया हुआ है। साइका भी काफी पढ़ी लिखी है। अंसार के साथ ही पढ़ती थी।
वहीं पर दोनों में नजदीकियां बढ़ीं। अंसार ने उसे भी जिहाद का पाठ पढ़ाया और हिजबुल के साथ जोड़ लिया, लेकिन हिजबुल के साथ काम करते करते उसने केएएस परीक्षा की तैयारी भी जारी रखी।
वह पुलवामा के ही एक कोचिंग सेंटर से इसकी कोचिंग भी लेती है। साइका का नाम सामने आने के बाद ही उसे पुलिस ने हिरासत में ले रखा है। उससे पूछताछ की जा रही है।