कश्मीर घाटी में वायरल हुए एक नए आतंकी वीडियो में एक बड़ा खुलासा हुआ है। इसमें पाकिस्तानी आतंकी अपने ही साथियों से स्थानीय आतंकियों पर भरोसा न करने का संदेश दे रहा है। पुलिस द्वारा इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है।
घाटी में वायरल हुए 2:51 मिनट के इस वीडियो में नकाबपोश आतंकी एक कमरे में बैठे अपने साथियों को संदेश देते सुना जा सकता है। कमरे में पीछे दीवार पर पाकिस्तानी झंडा और कुछ बंदूकें दिखाई दे रही है। भाषा के उच्चारण से आतंकी पाकिस्तानी मूल का लग रहा है और जो कुछ उसने कहा है उससे लगता है कि अब पाकिस्तानी आतंकियों का यहां के स्थानीय आतंकियों पर भरोसा नहीं रहा है। उनका मानना है कि उन्हीं में से कोई है जो मुखबिरी कर उन्हें मरवा रहा है।