त्राल में आतंकियों ने सोमवार को एक घंटे में ताबड़तोड़ तीन हमले करके दहशत फैलाने की कोशिश की। इस दौरान आतंकियों ने कांग्रेस नेता गुलाम मोहम्मद मीर व पंच अब्दुल रशीद भट्ट के घरों को निशाना बनाया और सेना की एक पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला किया। हालांकि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, आतंकियों ने सोमवार को सबसे पहले त्राल में कुछमुल्ला के पंच अब्दुल रशीद भट्ट के घर पर ग्रेनेड फेंका। हमले के दौरान पंच घर में मौजूद नहीं थे। हमले में घर की दीवार पर कुछ नुकसान पहुंचा है।
घर पर नहीं थे कांग्रेस नेता
दूसरा हमला बाटागुंड में कांग्रेस नेता गुलाम मोहम्मद मीर के घर पर हुआ। वहां आतंकियों ने पेट्रोल बम फेंका। जवाब में आवास पर तैनात सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की परंतु आरोपी भाग निकले। हमले के समय कांग्रेस नेता घर पर मौजूद नहीं थे।
सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला
पुलिस के अनुसार, आतंकियों ने पुलवामा जिले के पिंगलिश गांव में सेना की 32 आरआर की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला किया। आतंकियों ने सैन्य टुकड़ी पर फायरिंग कर दी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर तक दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई। इसमें किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है। हमलावरों को पकड़ने के लिए आपरेशन चल रहा है।