राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के विशेष जज सुनित गुप्ता ने टेरर फंडिंग मामले में जम्मू से पकड़े गए दो आरोपियों समेत सात लोगों पर आरोप तय किए हैं। मौखिक और डिजिटल सुबूतों के बिनाह पर प्रथम दृष्टया इन आरोपियों की संलिप्तता पाए गई, जिस पर कोर्ट ने किफायत रशीद कोका, आजाद अहमद कोका, इश्फाक मजीद कोका, अल्ताफ अहमद डार, आबिद हुसैन बख्शी, मुबारक अहमद ठोकर और जुबैर फारूक कोका पर विभिन्न धाराओं के तहत आरोप तय कर दिए।
अभियोजन के अनुसार जेआईसी जम्मू पुलिस थाने को सूचना मिली कि किफायत रशीद कोका और एजाज अहमद कोका निवासी शोपियां अपने अन्य साथियों के साथ टेरर फंडिंग नेटवर्क के लिए काम कर रहे हैं। पुख्ता जानकारी जुटाने के बाद मामला दर्ज कर छानबीन तेज की गई। तफतीश में पुलिस ने नवाबाद सुंजवां और भठिंडी स्थित जम्मू-कश्मीर बैंक शाखाओं के खाते खंगालने पर लाखों रुपये इन खातों में जमा पाए गए। मोबाइल फोन नंबर और लेनदेन के रिकॉर्ड के तार से टेरर नेटवर्क की कड़ियां जुड़ती गईं। पुलिस ने फौरन किफायत रशीद कोका और आजाद अहमद कोका को हिरासत में लेकर पूछताछ तेज कर दी। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने टेरर फंडिंग नेटवर्क के राज उगल दिए।