एनआईए की व्यापारी के घर छापेमारी
- फोटो : ANI
नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी (एनआईए) ने मंगलवार को क्रॉस एलओसी ट्रेड से जुड़े कई व्यवसायियों के ठिकानों पर छापामारी की। एनआईए के अनुसार श्रीनगर और पुलवामा में कुल छह ठिकानों (घरों और दफ्तरों) पर छापामारी में अहम सुराग हाथ लगे हैं। एनआईए की टीमों ने क्रॉस एलओसी ट्रेड से संबंधित तस्वीरों और कुछ दस्तावेजों के अलावा इलेक्ट्रानिक उपकरण और अन्य सामग्री भी जब्त की है। मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। क्रॉस एलओसी ट्रेड मामले में एनआईए की ओर से 2016 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
एनआईए द्वारा यह छापेमारी क्रॉस एलओसी ट्रेड के जरिये अवैध रूप से पाकिस्तान की ओर से घाटी में आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए भेजे जाने वाले पैसे के मामले को लेकर की गई है। एनआईए के एक आईजी रैंक के अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को एनआईए की टीमों द्वारा क्रॉस एलओसी ट्रेड मामले में दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा और श्रीनगर में कुल छह जगह छापामारी की गई।
पुलवामा में अछगोजा इलाके में तनवीर अहमद वानी के घर पर छापा मारा गया, जो क्रॉस एलओसी ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। इसके अलावा श्रीनगर के सफ ाकदल, बेमिना और पारिमपोरा फल मंडी में भी छापे मारे गए। छापे के दौरान एनआईए की टीमों के साथ जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की टीमें भी थीं।
कैलिर्फोनिया बादाम के जरिये आ रहे थे पैसे
एनआईए ने एक बयान में पहले कहा था कि उसके पास पुख्ता जानकारी है कि भारत में पाकिस्तान से बड़े पैमाने पर धन का प्रवाह हो रहा है। कैलिर्फोनिया बादाम के आयात के बहाने क्रॉस एलओसी ट्रेड के जरिये पाकिस्तान से भारत में पैसा भेजा जाता है। एजेंसी ने कहा राज्य की नीति के तहत क्रॉस एलओसी ट्रेड व्यवस्था के जरिये तीसरे पक्ष के सामान के व्यापार पर प्रतिबंध है। इस नीति का उल्लंघन किया जा रहा है। संकेत है कि इस तरह से आए धन का इस्तेमाल राज्य में आतंकवाद और अलगाववाद को हवा देने में हो रहा है।