ईद की छुट्टियों पर घर आए टेरिटोरियल आर्मी (टीए) के एक जवान की आतंकियों ने वीरवार को हत्या कर दी। घटना दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के सडूरा गांव की है। घटना के बाद पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया।
टेरिटोरियल आर्मी का जवान मंजूर अहमद बेग सडूरा गांव में अपने घर पर था। शाम को आतंकियों ने पहुंचकर उसे गोली मार दी। खून से लथपथ होकर गिरने के बाद आतंकी मौके से भाग निकले। आनन फानन में परिवार वाले उसे पास के अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत लाया घोषित कर दिया। मंजूर इन दिनों शोपियां में 34 राष्ट्रीय राइफल्स के साथ तैनात था।
बताते हैं कि इन दिनों वह छुट्टियों पर घर आया हुआ था। टेरिटोरियल आर्मी में शामिल होने से पहले वह इख्वानी था। पुलिस के अनुसार आतंकियों की गोली से गंभीर रूप से घायल मंजूर ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ज्ञात हो कि पिछले साल आतंकियों ने ईद पर घर आ रहे पुंछ के जवान औरंगजेब का अपहरण कर उसकी बर्बरतापूर्वक हत्या कर दी थी।