रियासत में मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। जम्मू में सामान्य से पांच डिग्री चढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ बुधवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन गुजरा। यहां रात का पारा भी चार डिग्री बढ़ोतरी के साथ 18.5 डिग्री तक पहुंच गया है।
इसके विपरीत घाटी के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों में बारिश से दिन का पारा अभी सामान्य से 5-6 डिग्री नीचे बना हुआ है। इस बीच जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रीनगर से जम्मू के लिए चार हजार छोटे बड़े वाहनों को भेजा गया।
मुगल रोड को आगामी 15 अप्रैल तक यातायात के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार अगले चौबीस घंटों में जम्मू और कश्मीर के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।