सरकारी स्कूलों में एक वर्ष के लिए नियुक्त किए गए अस्थायी शिक्षकों ने कार्यकाल बढ़ाने और स्थायी करने की मांग के समर्थन में सोमवार को प्रेस क्लब के बाहर प्रदर्शन किया।
शिक्षकों ने चेतावनी दी कि अगर मांग को पूरा नहीं किया गया तो भूख हड़ताल पर बैठने को मजबूर होंगे। प्रदर्शनकारियों ने प्रेस क्लब के बाहर सड़क पर आकर भी प्रदर्शन की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
जम्मू एंड कश्मीर अस्थायी टीचर्स एसोसिएशन के बैनर तले शिक्षकों ने सुबह करीब साढ़े दस बजे प्रदर्शन किया। अब्दुल मजीद, बलविंद्र सिंह, मनोज कुमार आदि ने बताया कि 2014 में एक साल के लिए जम्मू व कश्मीर संभाग में हजारों युवाओं को अस्थायी शिक्षक के तौर पर नियुक्त किया गया था।
विंटर जोन के स्कूलों में यह कार्यकाल इसी माह की 24 तारीख को समाप्त हो रहा है। कार्यकाल समाप्त होते ही हजारों अस्थायी शिक्षक बेरोजगार हो जाएंगे। ऐसे में उनका कार्यकाल बढ़ाया जाए। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टियों ने आश्वासन दिया था कि मांग को पूरा करवाने की कोशिश की जाएगी।
अब राज्यपाल शासन है। ऐसे में उन्होंने राज्यपाल से मांग है कि शिक्षको के हित में कदम उठाए जाएं। अगर जल्द मांग को पूरा नहीं किया गया तो वह राजभवन के बाद प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।