कश्मीर घाटी में पिछले कई दिनों से काफी गर्मी पड़ रही है। गर्मी के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मौसम विभाग द्वारा अगले 48 घंटे में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
श्रीनगर समेत कश्मीर घाटी में आज कल अच्छी खासी गर्मी महसूस की जा रही है। भले ही घाटी के हिल स्टेशन थोड़े ठंडे जरूर हैं लेकिन श्रीनगर में पारा लगातार सामान्य से ऊपर चल रहा है।
इस गर्मी के कारण लोगों को काफी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। कड़ाके की धूप के कारण दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है और साथ ही गर्मी से प्यास भी ज्यादा लग रही है। लोगों द्वारा इस गर्मी से बचने के कई प्रयास किए जा रहे हैं।
मौसम विभाग द्वारा पहले की गई भविष्यवाणी के अनुसार 6 जुलाई से 9 जुलाई तक बारिश की संभावना जताई गई थी और कहा गया था कि इससे तापमान में हलकी गिरावट दर्ज होगी और लोगों को थोड़ी राहत भी मिलने की उम्मीद है। लेकिन सोमवार देर रात कुछ घंटे की बारिश के बाद ऐसा कुछ नहीं देखने को मिला।
श्रीनगर का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है।
वहीं, मौसम विभाग द्वारा अगले 48 घंटे के दौरान बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि घाटी के अधिकतर इलाकों में बारिश होने की संभावना है जिससे हलका सा तापमान गिर सकता है।