जम्मू में पारा गिरने का सिलसिला जारी है। जम्मू में वीरवार की रात न्यूनतम 6.5 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ इस सीजन की सबसे सर्द रात बीती। रात के साथ दिन का पारा भी सामान्य से 3-4 डिग्री नीचे चल रहा है।
शहर और आसपास के इलाकों को कोहरे ने भी अपने चपेट में ले लिया है। कश्मीर के सभी हिस्सों में रात का पारा शून्य से नीचे चल रहा है। यहां नालों और अन्य जल स्थलों पर बर्फ की परत जमने लगी है।
घाटी में आगामी 21 दिसंबर से चिल्ले कलां की शुरुआत होगी, जो चालीस दिन तक रहेगा। इस अवधि में सर्दी सबसे अधिक रहती है। इस बीच न्यूनतम माइनस 13.2 डिग्री सेल्सियस के साथ लेह सबसे सर्द रहा।