महीनों से वेतन ना मिलने के कारण कठुआ के टीचर्स बदहाली में जी रहे हैं। वेतन की मांग को लेकर रहबर-ए-तालीम शिक्षकों का शिष्टमंडल मुख्य शिक्षा अधिकारी से मिला।
इस दौरान जम्मू कश्मीर आरईटी टीचर्स फोरम के प्रांतीय प्रधान अरविंद शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने कहा कि उन्हें आठ महीने से वेतन जारी नहीं किया गया है। इसमें सबसे ज्यादा प्रभावित सर्व शिक्षा अभियान के तहत कार्यरत शिक्षक हैं।
कई दफा विभागीय अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करवा चुके हैं लेकिन उनकी मांग को अभी तक पूरा नहीं किया गया है। जिले के अलग खंडों में तैनात शिक्षक इसी समस्या से जूझ रहे हैं।
समस्या को सुनकर मुख्य शिक्षा अधिकारी जेके सूदन ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को जल्द पूरा करने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने डीडीओ को निर्देश दिए है कि हर महीने की तिथि 10 से पहले अध्यापकों को उनका वेतन दे दिया जाए।
इस मौके पर कमल किशोर, विपिन खजूरिया, मीना शर्मा, सुरिन्द्र सिंह, मनी राम, अनिल शर्मा, हीरा सिंह, सुदर्शन, कमल कुमार आदि मौजूद थे।