सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल भागवा में स्कूल के ही कुछ शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को राष्ट्रगान से रोका गया। नाराज विद्यार्थियों द्वारा मंगलवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने और जिला उपायुक्त (डीसी) से शिकायत करने के बाद यह मामला सामने आया है।
डीसी को विद्यार्थियों ने बताया कि कुछ शिक्षक पिछले दो साल से उन्हें प्रार्थना के समय राष्ट्रगान नहीं गाने दे रहे हैं। स्कूल में कुल 20 शिक्षक हैं। शिकायत मिलने पर मामले को गंभीर मानते हुए डीसी ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर मामले की एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश जारी किए हैं।
विद्यार्थियों ने डीसी भूपिंदर कुमार को बताया कि दो वर्षों से उन्हें राष्ट्रगान गाने से रोका जा रहा है। अगर वे राष्ट्रगान गाते हैं तो कुछ शिक्षक उनकी पिटाई करते हैं। साथ ही धमकियां भी देते हैं।