तवी तट के सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट को साबरमती रिवर फ्रंट डेवलपमेंट कारपोरेशन अंजाम देगी। इसके लिए साइट सर्वे का काम पूरा हो चुका है, जिसमें 10 किलोमीटर लंबाई का क्षेत्र चुना गया है।
जम्मू डेवलपमेंट अथॉरिटी और जम्मू कश्मीर लेक्स एंड वाटर डेवलपमेंट अथॉरिटी की बोर्ड बैठक में इस आशय की जानकारी दी गई। उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठकों में तवी रिवर फ्रंट डेवलपमेंट प्रोजेक्ट सहित अन्य परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार तवी के तटीय क्षेत्र को विहंगम स्थलों में तब्दील करने के लिए एसआरएफडीसी ने सर्वे का काम पूरा कर लिया है। अब प्रोजेक्ट की मुकम्मल डीपीआर तैयार की जाएगी।