कश्मीर में लोकसभा चुनावों के दौरान हुई हिंसा और घाटी में तनाव के हालातों के बीच जम्मू कश्मीर की सीएम महबूबा मुफ्ती के भाई और अनंतनाग लोकसभा सीट से पीडीपी के प्रत्याशी तसाद्दुक मुफ्ती ने सोमवार को एक बड़ा बयान दिया है।
अनंतनाग लोकसभा उपचुनाव में उम्मीदवार तसाद्दुक ने चुनाव आयोग से अपील करते हुए कहा है कि कश्मीर घाटी में लोकसभा के उपचुनावों के लिए यह समय उपयुक्त नहीं है। तसाद्दुक ने कहा कि वो चुनाव आयोग से मांग करते हैं कि अनंतनाग सीट पर आगामी 12 अप्रैल को होने वाले मतदान को फिलहाल स्थगित कर दें।
हालांकि जब पत्रकारों ने तसाद्दुक से पूछा कि यदि चुनाव आयोग मतदान को स्थगित न करे तो क्या वह अपना नामांकन वापस लेंगे तो इसपर तसाद्दुक ने कहा कि फिलहाल वे ऐसा नहीं करेंगे। गौरतलब है कि कश्मीर घाटी में दो सीटों के लिए लोकसभा के उपचुनाव हो रहे है। इस क्रम में श्रीनगर में 9 अप्रैल को मतदान हो चुका है जबकि अनंतनाग में 12 को मतदान होने हैं।