रियासी के तलवाड़ा में रह रहे विस्थापित लगातार 15 दिनों से धरने पर हैं। धरने पर बैठे विस्थापितों ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रोष जताया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा भी उनकी कोई सुध नहीं ली जा रही है। सनद रहे कि अपनी पुरानी मांगों को लेकर विस्थापितों का तलवाड़ा के स्थानीय क्लब परिसर में लगातार पंद्रह दिन से धरना दियाजा रहा है।
इस दौरान उनके द्वारा तीन बार सरकार के विरुद्ध रोष रैलियां भी निकाली गई। मांगों का एक ज्ञापन भी जिला प्रशासन को सौंपा गया, लेकिन उसके बावजूद उनकी तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इस कारण विस्थापितों का गुस्सा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।
सोमवार को भी माईग्रेंट एक्शन कमेटी के द्वारा धरने में शामिल लोगों को एकजुटता बनाए रखने को कहा गया। कहा गया कि अगर आने वाले कुछ दिनों में उन लोगों को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश अनुसार राहत प्रदान नहीं की गई तो वे सड़कों पर उतर आएंगे।
गौरतलब है कि तलवाड़ा में रहने वाले विस्थापित कश्मीरी विस्थापितों की तरह ही सुविधाएं मांग रहे हैं। खस्ताहाल क्वार्टरों की मरम्मत करवाने और विस्थापित परिवार के युवकों के लिए सरकारी नौकरियों में विशेष पैकेज भी देने की मांग की जा रही है। पैंथर्स पार्टी के युवा जिला प्रधान एडवोकेट पवन देव सिंह ने कहा कि ये लोग अठारह साल से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन आज तक सरकार ने इन पर ध्यान नहीं है।