पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना सुबह करीब 3:30 बजे रामबन जिले के चंदरकोट सुरक्षा नाके पर हुई। श्रीनगर से जम्मू की ओर आ रही स्कॉर्पियो को पुलिस ने जांच के लिए रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से आगे बढ़ा दिया।
वाहन को रोकने के लिए पुलिस ने तीन राउंड फायरिंग की लेकिन चालक नाशरी की ओर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस, सीआरपीएफ और भारतीय सेना ने संयुक्त रूप से इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
रामबान के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अरुण गुप्ता ने बताया कि संदिग्ध स्कॉर्पियो को डलवास इलाके से बरामद कर लिया गया है। हालांकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच में प्रगति होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि चालक ने सुरक्षा नाके से बचने की कोशिश क्यों की और उसके पीछे क्या मंशा थी। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।