जानकारी के अनुसार 2 और 3 अगस्त की दरमियानी रात 141 फील्ड रेजिमेंट की क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) लोंडी मोड़ स्थित बईन पुल के पास गश्त पर थी। इसी दौरान जवानों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। उसने अपनी पहचान प्रीत पाल सिंह, पुत्र गुरनाम सिंह, निवासी डेरा बाबा नानक, जिला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में बताई, लेकिन वह अपनी पहचान साबित करने के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। साथ ही, वह इस इलाके में मौजूद होने का संतोषजनक कारण भी नहीं बता पाया।
तलाशी के दौरान उसके पास से कई लोगों से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामान बरामद हुआ। इनमें सेना की एक कैप, शस्त्र लाइसेंस, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, बैंक से जुड़े दस्तावेज और कुछ चेक शामिल हैं।
पूछताछ में संदिग्ध ने दावा किया कि यह सामान उसे एक लावारिस बैग में मिला था, लेकिन वह अपने दावे के समर्थन में कोई ठोस या विश्वसनीय जानकारी नहीं दे सका।