निलंबित डीएसपी दविंदर सिंह के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा गिरफ्तार किए गए तारिक अहमद मीर पर भाजपा ने सफाई दी है। पार्टी के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि तारिक अहमद मीर को अक्टूबर 2018 में पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते भाजपा से निकाल दिया गया था। वह कभी भी भाजपा का सरपंच नहीं रहा।
ठाकुर ने कहा कि भाजपा सिद्धांतों वाले और साफ छवि वाले लोगों की पार्टी है। भाजपा से जुड़े हर एक व्यक्ति का क्लीन ट्रैक रिकॉर्ड है और हम आतंकी लिंक या आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों का समर्थन नहीं करते हैं।
बता दें कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आतंकियों की मदद के आरोप में निलंबित डीएसपी दविंदर सिंह के एक और मददगार तारिक अहमद मीर को गिरफ्तार किया है। एनआईए के आईजी रैंक के एक अधिकारी ने बताया कि टीम ने बुधवार को दक्षिणी कश्मीर के शोपियां के रहने वाले तारिक अहमद मीर को गिरफ्तार किया। मीर पर लंबे समय से आतंकियों को मदद मुहैया करवाने का आरोप है।
मीर दविंदर सिंह के संपर्क में था। दविंदर से पूछताछ के दौरान मीर का नाम सामने आने के बाद से एनआईए उसकी तलाश में थी। मीर को सात दिन की रिमांड पर जम्मू लाया गया है। यहां एनआईए की टीम उससे पूछताछ कर रही है।
मीर के अन्य लोगों व अधिकारियों के साथ संपर्क का भी पता लगाया जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। 11 जनवरी को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने डीएसपी दविंदर सिंह को उस समय श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिरफ्तार किया था, जब वह अपने साथ आतंकी नवीद, रफी और इरफान को जम्मू ले जा रहा था। दविंदर सिंह श्रीनगर एयरपोर्ट पर एंटी हाइजैकिंग विंग में था।