घाटी के बडगाम जिले में स्थित श्रीनगर एयरबेस के आसपास के इलाके में बुधवार शाम को कुछ संदिग्ध लोगों को देखे जाने की सूचना से हड़कंप मच गया।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। देर रात समाचार लिखे जाने तक सर्च आपरेशन जारी था। फिलहाल सुरक्षा बलों के हाथ कोई संदिग्ध नहीं लगा था।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में पठानकोट एयरबेस पर हुए बड़े आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां कोई चूक नहीं बरतना चाहतीं। हालांकि, रियासत पुलिस इलाके में संदिग्ध देखे जाने की खबरों से इनकार कर रही है।
खुफिया एजेंसियों के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर के बाद श्रीनगर एयरबेस से कुछ ही किलोमीटर दूर स्थित बडगाम जिले के हुशरू गांव में पांच विदेशी और दो स्थानीय आतंकियों को देखा गया था।