उड़ी में 21 सितंबर को पकड़े गए दो संदिग्ध आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के गाइड थे। पूछताछ में यह खुलासा हुआ है। दोनों पीओके के रहने वाले हैं। दो वर्ष पहले आतंकी संगठन में उनकी भर्ती की गई थी। वे उड़ी सेक्टर में एलओसी पर घुसपैठ कराने में आतंकियों को गाइड करते थे।
सेना तथा बीएसएफ ने संयुक्त अभियान में दोनों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उन्होंने अपने को पीओके का निवासी बताया। अपना नाम एहशान खुर्शीद उर्फ डीसी निवासी खलियाना कलां और फैजल हुसैन अवान निवासी पोटा जहांगीर बताया।
बताया कि वे पिछले दो साल से इलाके में सक्रिय हैं और आतंकियों को घुसपैठ कराने में उनकी मदद करते हैं। सूत्रों ने बताया कि कई आतंकियों को वे घुसपैठ कराने में सफल रहे हैं। उन्हें इलाके के बारे में पूरी जानकारी है।