पठानकोट एयरबेस पर आतंकी हमले के बाद भी और आतंकियों की घुसपैठ का खतरा टला नहीं है। एक ओर दो जनवरी अलसुबह से एयरबेस में शुरू हुआ आतंकियों के खिलाफ आपरेशन जारी है।
वहीं खुफिया एजेंसियां भारत पाकिस्तान सीमा पर हर संदिग्ध हलचल पर नजर बनाए हुए हैं। खुफिया सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान के मंसूर बड़ा भाई गांव में एक बार फिर संदिग्ध लोगों की हलचल बढ़ गई है।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और सीमा पार की हर हलचल को भांपने के साथ आतंकियों की घुसपैठ के पुराने रूट पर कड़ा पहरा दिया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि चार से पांच लोगों के ग्रुप को सीमा से सटे पाकिस्तानी गांव में घूमते देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि दिसंबर के पहले सप्ताह में भी इसी तरह की सूचना थी जिसमें सुरक्षा एजेंसियों को बाकायदा यह इनपुट भी मिला था कि चार से पांच आतंकी घुसपैठ की फिराक में हैं।