राजोरी-पुंछ में नशा तस्करी का नेटवर्क मंजूर के पीओके से चलाने का शक
एक तरफ जहां राजोरी-पुंछ में मौजूद आतंकी पकड़ में नहीं आ रहे। वहीं कुख्यात नशा तस्कर मंजूर अहमद भी पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहा है। मंजूर अहमद नौशेरा के एलओसी स्थित गांव सरयाह का रहने वाला है।
11 सितंबर 2021 में मंजूर अहमद एक साथी के साथ मिलकर 1.64 करोड़ रुपये की नकदी फेंककर चला गया था। दोनों को सेना ने रोकना चाहा, तो बैग छोड़कर भाग गए। ऐसी आशंका है कि मंजूर अहमद अपने साथी के साथ पीओके चला गया। यहां से वह नशा तस्करी का नेटवर्क चला रहा है। दो साल से इसका अता पता नहीं मिला है। सूत्रों का कहना है कि मंजूर पीओके में है। वह वहां से पंजाब में मौजूद नशा तस्करों के साथ मिलकर काम कर रहा है। पंजाब के तस्करों के मंजूर का भाई सिकंदर लगातार संपर्क में रहा है।
भाई पंजाब पुलिस ने पकड़ा, नौशेरा से फरार
बता दें कि मंजूर अहमद का भाई सिकंदर हयात पंजाब पुलिस ने पकड़ा था। सिकंदर के घर से 29 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई थी। वह भी नशा तस्करी में पकड़ा गया था। अभी कुछ दिन पहले ही सिकंदर को नौशेरा लाया गया था। वह पुलिस को चकमा देकर नौशेरा थाने से फरार हो गया।