कश्मीर घाटी के लाल चौक स्थित बाजार में लगे संडे मार्केट के मौके पर रविवार को लोगों की अच्छी खासी रौनक देखने को मिली। लाल चौक के आसपास स्थित बाजार और बाजार के पास बने टूरिस्ट रिसेपशन सेंटर से लेकर हरि सिंह हाई स्ट्रीट तक लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली जो अपने और अपने परिवारवालों के लिए जरूरत भर का सामान खरीदते हुए नजर आये।
संडे मार्केट के मौके पर दुकानदारों ने बाढ़ के कारण बाजार और व्यापार में आयी भारी गिरावट के चलते ग्राहकों को अपनी दुकानों की ओर आकर्षित करने के लिए अच्छा खासा डिस्कांउट भी रखा।
खरीदारी करने के लिए बड़गाम से अपनी पत्नी के साथ आये मुब्बशीर हुसैन ने कहा कि वह काफी दूर से सामान खरीदने के लिए लाल चौक में खास तौर पर आये हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण खराब हुए थोड़े बहुत सामान को कम दाम में लोगों को बेचा जा रहा है जो इस्तेमाल लायक भी है।