सरवाल अस्पताल में मॉक ड्रिल देखने पहुंचे स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग के वित्तीय आयुक्त अटल डुल्लू ने कहा कि कोविड वैक्सीन के दौरान सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। व्यापक स्तर पर शुरू होने वाले इस अभियान में भीड़ पर नियंत्रण और किसी आपात घटना को रोकने के लिए प्रत्येक बूथ पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
पहले चरण में अभियान को पीएचसी स्तर पर शुरू किया जा रहा है, लेकिन अगले चरण में इसे सब सेंटरों पर भी शुरू किया जाएगा। वहीं श्रीनगर डीसी डॉ. शाहिद इकबाल चौधरी ने बताया कि जिले में 54 स्थानों पर इनलाइन रेफ्रिजेरेशन सिस्टम स्थापित किए गए हैं। यहां वैक्सी स्टोर की जाएगी। सभी फ्रंटलाइन वर्कर्स का डाटाबेस तैयार किया जा चुका है, जिन्हें पहले चरण में वैक्सीन लगाई जाएगी।
वैक्सीन लगाने के लिए पहले भेजे गए एमएसएस
मॉक ड्रिल में सभी केंद्रों में 25-25 स्वास्थ्य विभाग के वॉलंटियर शामिल हुए। इन्हें वैक्सीन लगाने के लिए एसएमएस भेजे गए। इन सभी का पहले केंद्र के बाहर फिजिकल वैरीफिकेशन किया गया, उसके बाद उन्हें वेटिंग रूम में बिठाया गया। फिर एक-एक कर वैक्सीनेशन रूम में बुलाया गया।
श्रीनगर में डॉ. रिफत के अनुसार असल में भी ऐसे ही बुलाया जाएगा और जब उन्हें वेटिंग रूम में बिठाया जाएगा उसके लिए जगह का ध्यान रखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा। वैक्सीन देने से पहले एक बार फिर से उनके डिटेल चेक किये जाएंगे और उन्हें वैक्सीन के फायदे और साइड इफेक्ट भी बताए जाएंगे। वैक्सीन के बाद सभी को ऑब्जरवेशन रूम में 30 मिनट तक रखा जाएगा। ऐसे में अगर किसी को ज्यादा कोई रिएक्शन होता है तो विभागीय टीम देखेगी।