जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के दुर्गम जगहों को जोड़ने के लिए केंद्र सरकार ने छूट वाली (सब्सिडाइज्ड) हेलीकॉप्टर सेवाओं के परिचालन की मंजूरी मंगलवार को दे दी।
यह सेवा दोनों राज्यों में से प्रत्येक के 10 सेक्टरों के लिए उपलब्ध होगी। जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर-कारगिल, श्रीनगर-द्रास, कारगिल- पदुम-लेह, लेह-लिंगशेड और श्रीनगर-लेह ऐसे पांच संभावित क्षेत्र हैं जहां यह हेलीकॉप्टर सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
शेष पांच सबसे दुर्गम सेक्टरों की पहचान राज्य सरकार द्वारा की जानी बाकी है। जम्मू-कश्मीर के प्रधान सचिव को लिखे एक पत्र में गृह मंत्रालय ने कहा है, ‘सक्षम प्राधिकरण ने जम्मू-कश्मीर में पायलट आधार पर 10 सेक्टरों में हेलीकॉप्टर सेवाओं के परिचालन की मंजूरी दे दी है।’ हिमाचल प्रदेश के मामले में राज्य सरकार सबसे दुर्गम जगहों की पहचान करेगी।