जम्मू। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जम्मू विश्वविद्यालय में 30 अप्रैल तक कक्षाएं बंद कर दी गई हैं। विवि प्रशासन ने रविवार को जारी आदेश में कहा कि सभी टीचिंग स्टाफ विश्वविद्यालय आएंगे और ऑनलाइन मोड से कक्षाएं लेंगे। वहीं नॉन टीचिंग स्टाफ घर पर रहकर काम करेंगे।
विवि प्रशासन ने कहा कि निगेटिव रिपोर्ट के किसी भी कर्मचारी को यदि कोई समस्या आती है तो वह विवि में अधिकारी से संपर्क कर सकता है। विश्वविद्यालय ने ऑफलाइन मोड से काम करने वाले डिपार्टमेंट, डायरेक्टर्स, विंग्स, ऑफिस ब्रांच का दायित्व कंट्रोलर अधिकारी को दिया है। वहीं हॉस्टल में रहने वाले किसी छात्र की कोई अध्ययन सामग्री हॉस्टल में रही है तो वह उसे ले सकते हैं। हॉस्टल में रहने वाले छात्र अगर हॉस्टल में रहकर ऑनलाइन कक्षाओं में भाग लेना चाहते हैं तो वह वार्डन से संपर्क कर रह सकते हैं। बिना अधिकारी की अनुमति के विश्वविद्यालय परिसर में किसी का भी आना वर्जित किया गया है। पूरे परिसर में प्रति दिन सैनिटाइजेशन करने के जिम्मेदारी स्वास्थ्य केंद्र को सौंपी गई है।