राजोरी जिले की कालाकोट तहसील के सियाल सुई स्थित सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में एक समुदाय के कुछ छात्रों ने वीरवार को देश विरोधी व पाकिस्तान के हक में नारे लगाए।
इस पर शुक्रवार को स्कूल के अन्य छात्रों व स्थानीय लोगों ने उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन किया। मामला बढ़ता देख पुलिस ने स्कूल प्रिंसिपल की शिकायत पर आठ छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी छात्रों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक वीरवार को दोपहर करीब तीन बजे 12वीं कक्षा के कुछ विद्यार्थियों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। तभी एक समुदाय के विद्यार्थियों ने क्लास से बाहर आकर नारेबाजी शुरू कर दी।
इस दौरान उन्होंने देश विरोधी व पाकिस्तान के हक में नारे लगाए। देश विरोधी नारेबाजी की खबर इलाके में फैल गई। शुक्रवार को सुबह स्कूल खुलते ही छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
वे देश विरोधी नारेबाजी करने वाले छात्रों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। देखते ही देेखते क्षेत्र के अन्य लोग भी स्कूल पहुंच गए व छात्रों के साथ प्रदर्शन में शामिल हो गए।