कश्मीर विश्वविद्यालय के छात्र संगठनों ने शोपियां में आतंकियों के मारे जाने पर प्रदर्शन किया। विवि के भारी संख्या में पहुंचे युवाओं ने शोपियां और अनंतनाग में मारे गए स्थानीय आंतकियों और पत्थरबाजों के मारे जाने पर दुख जताया।
युवाओं ने इस दौरान कैंपस में ही आतंकियों के लिए नमाज भी अता की। इस दौरान स्थानीय पुलिस भी उनके साथ मौजूद दिखी। सूत्रों की मानें तो इस दौरान युवाओं ने भारत विरोधी नारेबाजी भी की। बता दें कि शोपियां में आतंकियों के मारे जाने की खबर फैलने के बाद ही छात्रों का प्रदर्शन चालू हो गया था।
हालात के तनावपूर्ण होने के कारण सारी कक्षाओं को स्थागित कर दिया गया। बता दें कि दक्षिणी कश्मीर में इस साल का सबसे बड़ा आपरेशन चलाते हुए सुरक्षा बलों ने अलग-अलग तीन मुठभेड़ों में कमांडर जुबैर अहमद तुर्रे समेत 13 आतंकियों को मार गिराया।
मारे गए आतंकी लश्कर तथा हिजबुल मुजाहिदीन के माने जाते हैं। एक आतंकी को जिंदा भी दबोचा गया है। सेना के तीन जवान शहीद हुए हैं। आतंकियों को भगाने के लिए नागरिकों ने मुठभेड़ स्थल पर सुरक्षा बलों पर जबर्दस्त पथराव किया।
हिंसक झड़पों में दो नागरिकों की मौत हो गई जबकि 80 से अधिक लोग घायल हुए हैं। तनाव को देखते हुए घाटी में रेल सेवा स्थगित कर दी गई। मोबाइल इंटरनेट सेवा ठप कर दी गई। मुठभेड़ के विरोध में अलगाववादियों के दो दिन के बंद के आह्वान को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।