जम्मू के मढ़ हायर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 12वीं वाहिनी की तरफ से हथियारों की प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने शिरकत की। इसमें बीएसएफ के अधिकारियों ने बच्चों को दुश्मन के खिलाफ इस्तेमाल किए जाने वाले हथियारों के बारे में जानकारी दी। कौन सा हथियार कैसे चलाना है, यह कितनी दूरी तय करता है, इसके बारे में बच्चों ने जाना।
इस दौरान सीमा सुरक्षा बल के वीर शहीदों की फोटो विवरण के साथ लघु फिल्म, फोटो प्रदर्शनी और देशभक्ति से भरपूर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीएसएफ की 12वीं के कमांडिंग ऑफिसर दिलबाग सिंह, डीडीसी चेयरमैन जम्मू भारत भूषण, डीडीसी सदस्य मढ़ बलवीर लाल, एसडीएम मढ़ राजीव खजुरिया, तहसीलदार रामपाल शर्मा विशेष तौर पर उपस्थित रहे।