जीजीएम साइंस कालेज की एबीवीपी और एनपीएसयू इकाइयों से जुड़े छात्रों ने जम्मू विश्वविद्यालय पर उपेक्षा पूर्णरवैये का आरोप लगाते हुए जम्मू विश्वविद्यालय के खिलाफ प्रदर्शन किया। वह पहले सेमेस्टर की परीक्षा फिर स्थगित करने की मांग कर रहे थे।
बड़ी संख्या में छात्र जीजीएम साइंस कालेज के गेट पर एकत्र हुए और सड़क जाम कर दी। वह अपने हाथों में विश्वविद्यालय के खिलाफ लिखे स्लोगन लिए हुए थे।उन्होंने जम्मू विश्वविद्यालय पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया।
पहले सेमेस्टर के रिवैल्यूएशन के देरी से आए नतीजे की वजह से कई छात्र तीसरे सेमेस्टर में प्रवेश लेने से वंचित रह गए हैं। इस तरह से उनका पूरा साल विश्वविद्यालय की अनदेखी की बलि चढ़ गया है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने सेमेस्टर एक की पुन: परीक्षा तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाओं के साथ आयोजित कर दी।
छात्रों ने पहले सेमेस्टर की परीक्षाओं को स्थगित किए जाने की मांग की। मौके पर सनी परिहार, यासिर, अवधेश, रमन, सौरभ, नितिन, नरिंदर, जतिंदर, अक्षय, तौसीफ, गुलफाम, आतिश, कमलजीत आदि मौजूद रहे।