घाटी के बडगाम जिले के चाडूरा में मुठभेड़ के दौरान तीन प्रदर्शनकारियों की मौत से उत्पन्न तनाव के मद्देनजर कुलगाम, चाडूरा, पुलवामा के साथ-साथ अन्य कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। जिन इलाकों में हिंसा भड़कने की आशंका थी, वहां अतिरिक्त तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।
अलगाववादियों के बुधवार के बंद के आह्वान के बाद वीरवार को हालात सामान्य रहे। सभी स्कूल, कालेज और अन्य शिक्षण संस्थान खुले। दुकानें और कारोबारी इदारे भी खुले रहे। सड़कों पर भी प्राइवेट और पब्लिक ट्रांसपोर्ट दौड़ता दिखा। बारामुला-बानिहाल रेल लिंक पर भी रेल सेवा सामान्य रूप से संचालित की गई।
रेलवे के चीफ एरिया मैनेजर एके जैन ने बताया कि बुधवार को हालात बिगड़ने की आशंका पर रेल सेवा स्थगित रखी गई थी, लेकिन वीरवार को इसे एक बार फिर से सामान्य रूप से संचालित किया गया।
पुलवामा जिले में भी तीन दिन के बाद वीरवार को हालात सामान्य हुए और जनजीवन एक बार फिर से पटरी पर लौटा। जिले के पदगामपुरा में रविवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो स्थानीय आतंकियों को मार गिराया था। इसके बाद जिले में तीन दिन तक बंद रहा।