मंदिरों के शहर में दरबार के स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सारा सुरक्षा अमला दरबार की सुरक्षा को पुख्ता करने में जुट गया है। अगले छह महीने तक नागरिक सचिवालय कड़ी सुरक्षा में रहेगा। सचिवालय और राजभवन सहित अन्य बड़े कार्यालयों की सुरक्षा की समीक्षा करने के लिए उच्च स्तर पर पुलिस अधिकारियों की तरफ से बैठक की जा रही है।
आईजी जम्मू एसडी सिंह जंबाल का कहना है कि बनिहाल से लेकर जम्मू तक नेशनल हाईवे पर रोड ओपनिंग पार्टी तैनात कर दी गई हैं। ताकि नेशनल हाइवे की सुरक्षा को पुख्ता किया जा सके। साथ ही ट्रैफिक के भी बंदोबस्त किए जा रहे हैं। सचिवालय और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों को इंस्टाल कर दिया गया है।
इससे न सिर्फ सुरक्षा में मदद मिलेगी, बल्कि शहर में जाम की समस्या को भी हल करने में मदद मिलेगी। वहीं शहर में महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने अपने खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया है। शहर में साधा वर्दी में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। जो हर संदिग्ध व्यक्ति और गतिविधियों पर नजर रखेंगे।