फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: आंधी-बारिश से उखड़े 10 बिजली के पोल, चार घंटे ब्लैकआउट, 50 से अधिक स्थानों पर गिरे पेड़

विज्ञापन
विज्ञापन
जम्मू। भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के बीच वीरवार शाम मौसम ने अचानक करवट बदल ली। शाम चार बजे आसमान में काले बादल छा गए। आधे घंटे तक धूल भरी तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। इससे तापमान तो लुढ़क गया लेकिन आंधी ने भारी तबाही मचाई। बिजली ढांचा बुरी तरह से प्रभावित हो गया। 50 से अधिक स्थानों पर पेड़ और टहनियां टूटकर गिरने से बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए। 10 पोल उखड़ गए। कई मुख्य सड़कें बंद हो गईं। जिले के कई हिस्सों में चार घंटे तक ब्लैकआउट हो गया।
विज्ञापन

अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस से तीन डिग्री लुढ़कर 39.7 डिग्री पर आ गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को भी कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है जिससे उमस से राहत मिलेगी। सबसे ज्यादा असर रिहायशी इलाकों में देखने को मिला। छन्नी में बिजली का ट्रांसफार्मर उखड़कर बाइक पर गिर गया जिससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं पीरखो मंदिर के पास मकान पर पीपल का विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गया। पेड़ गिरने से दीवारों में दरारें आ गई हैं और घर में लगा एसी व कीमती सामान मलबे में तब्दील हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सदस्य सुरक्षित स्थान पर थे जिससे जानी नुकसान होने से बच गया। घटना की सूचना मिलते ही तहसील और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

नालियों के ओवरफ्लो होने से फैला कीचड़
आंधी शुरू होते ही एहतियात के तौर पर बंद की गई बिजली, पोल उखड़ने और तार टूटने के कारण अघोषित कटौती में बदल गई। शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में करीब चार घंटे तक बत्ती गुल रही। इसके साथ ही झमाझम बारिश के कारण नालियां ओवरफ्लो हो गईं जिससे सड़कों पर पानी जमा हो गया और जलभराव खत्म होने के बाद पूरी सड़कों पर कीचड़ फैल गया।
विज्ञापन


बिजली बहाली के लिए युद्धस्तर पर जुटे कर्मचारी
मौसम साफ होते ही बिजली विभाग की टीमें मरम्मत कार्य के लिए सड़कों पर उतरीं। उखड़े हुए 10 खंभों को हटाने, टूटे तार को जोड़ने और छन्नी में गिरे ट्रांसफार्मर को रास्ते से हटाने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया। अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश प्रभावित इलाकों में देर शाम तक बिजली आपूर्ति आंशिक रूप से बहाल कर दी गई थी जबकि भारी नुकसान वाले क्षेत्रों में मरम्मत का काम लगातार जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें