जम्मू। विभागीय पदोन्नति (डीपीसी) की मांग के समर्थन में स्वास्थ्य कर्मचारी 24 मई को चार घंटे की कामछोड़ हड़ताल पर रहेंगे। इसमें पैरा मेडिकल स्टॉफ व लैब तकनीशियन और क्लर्क आदि भी शामिल होंगे, जिस कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर व्यापक असर पड़ने के आसार हैं।
जम्मू-कश्मीर मेडिकल इंप्लाइज फेडरेशन के झंडे तले 24 मई को सुबह दस से दोपहर एक बजे तक स्वास्थ्य कर्मी मांगों को लेकर हड़ताल पर रहेंगे। फेडरेशन के अध्यक्ष सुशील सूदन के अनुसार प्रदेश प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को मांगों के प्रति कई बार अवगत करवाया गया, लेकिन आजतक कोई भी कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे में कामछोड़ हड़ताल ही एक मात्र विकल्प है। हड़ताल को जम्मू-कश्मीर गवर्नमेंट लैब तकनीशियन एसोसिएशन ने भी समर्थन दिया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष असलम चौधरी की अध्यक्षता में रविवार को हुई बैठक में कामछोड़ हड़ताल को पूर्ण समर्थन देने का फैसला लिया गया है। बैठक में संजय दुबे, नवीन शर्मा, अतुल नागर, अनवर हुसैन, दिलीप बख्शी, संजीत सिंह, सुनील कुमार और जेपी सिंह आदि मौजूद रहे। सनद रहे कि जम्मू-कश्मीर फीमेल मल्टीपर्पस वर्कर्स एसोसिएशन भी हड़ताल को समर्थन दे चुकी है।