स्वतंत्रता दिवस व रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए उधमपुर जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। जीआरपी कटरा ने सभी रेलवे रेलवे स्टेशन में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया है। रेलवे ट्रैक व टनलों के बार अतिरिक्त जवान तैनात किए जा चुके हैं। एसएसपी रेलवे ने मंगलवार को विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की और जवानों व अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा कई स्थानों पर नाके लगाकर वाहनों की तलाशी ली जा रही है।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर जीआरपी ने कई दिन पहले ही सुरक्षा को मजबूत करना शुरू कर दिया था। मंगलवार को एसएसपी रेलवे रंजीत सिंह संब्याल ने जीआरपी व पुलिस अधिकारियों के साथ उधमपुर से लेकर कटरा तक रेलवे ट्रैक का निरीक्षण किया। एसएसपी ने सभी टनल और पुलों की सुरक्षा को जांचा और जहां पर कमियां नजर आई, उनमें सुधार करने को लेकर जीआरपी के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। एसएसपी ने रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा को भी अच्छी तरह से जांचा। जांच के दौरान रेलवे का डॉग स्क्वायड भी मौजूद था।
एसएसपी रेलवे ने अधिकारियों से कहा कि उधमपुर और कटरा रेलवे स्टेशन पर आने जाने वाले यात्रियों के सामान की अच्छी तरह से जांच की जाए। इसके अलावा एसएसपी ने रेलवे ट्रैक, टनल व पुलों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त जवान तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर जाने वाले यात्रियों की अच्छी तरह से जांच की जाए। एक्स-रे बैग स्केनर पर भी अच्छी तरह से जांच की जाए। एसएसपी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस तक डॉग स्क्वायड सभी रेलवे स्टेशनों पर ही तैनात रहेगा।
इसके अलावा शहर के अंदर भी जवानों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। जवान हथियारों के साथ हर जगह मौजूद है। इस बार जम्मू कश्मीर पुलिस के जवान बहुत कम नजर आ रहे हैं। शहर की सुरक्षा का काम सीआरपीएफ व सीआईएसएफ ने संभाल रखा है। फोर लेन राष्ट्रीय राजमार्ग में भी सुरक्षा को बढ़ाया गया है। शहर में हर किसी पर नजर रखी जा रही है।